नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पटना में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान, बिहार कांग्रेस के स्टेट प्रेसिडेंट गरीबदास और 30 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
बताया जा रहा है कि घेराव रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और सभी को हिरासत में लेकर बस से थाने भेज दिया।
कन्हैया बोले – मुलाकात कराओ या जेल ले जाओ
पुलिस कार्रवाई के दौरान कन्हैया कुमार ने कहा कि या तो उन्हें मुख्यमंत्री से मिलवाया जाए या फिर जेल ले जाया जाए। उन्होंने पानी के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया और कहा, “जो पानी कार्यकर्ताओं पर फेंका गया, वो लोगों के घरों तक पहुंचाना चाहिए था।”
‘पलायन रोको-नौकरी दो’ यात्रा का आज पटना में समापन
कन्हैया कुमार की यह यात्रा बिहार के युवाओं को रोजगार दिलाने और पलायन रोकने के मुद्दे पर केंद्रित थी। इस पदयात्रा की शुरुआत उन्होंने बिहार के विभिन्न जिलों से की थी, जिसका आज पटना में समापन हुआ।
सचिन पायलट ने की यात्रा में शिरकत
कन्हैया की इस पदयात्रा को कांग्रेस के बड़े नेताओं का समर्थन मिला। पहले बेगूसराय में राहुल गांधी शामिल हुए थे और अब पटना में कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी इस यात्रा में शामिल हुए। कन्हैया ने गुरुवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लोगों से पटना में जुड़ने की अपील की थी। कन्हैया कुमार ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को जकड़ लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बिहार में बदलाव की जरूरत है और जनता को रोजगार व अधिकार दिलाना उनका मकसद है।





